Delhi Election 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रतिक्रिया आ गई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि भाजपा की 55 सीटें आ रही हैं, हमारे उम्मीदवारों को फोन क्यों कर रहे हैं।
गरमाती सियासत के बीच आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनके उम्मीदवारों पर डोरे डाल रही है। अब तक उनके 16 उम्मीदवारों को भाजपा की तरफ से फोन किया जा चुका है। उन्हें लालच देकर भाजपा में शामिल करवाने की कोशिश की जा रही है।

आप के 16 उम्मीदवारों को फोन’
उम्मीदवारों से कहा जा रहा है कि आप छोड़ कर भाजपा में आ जाओ। मंत्री बना देंगे और 15-15 करोड़ देंगे। सोशल मीडिया पर केजरीवाल ने लिखा कि कुछ एजेंसी दिखा रही हैं कि भाजपा की 55 से ज्यादा सीटें आ रही हैं।
सभी सर्वे फर्जी हैं’: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि अगर ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो आप उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है। सभी सर्वे फर्जी हैं। इसके माध्यम से दिल्ली में माहौल बनाकर आप के उम्मीदवारों को साधने की कोशिश की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री आतिशी ने भी एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा है।
Delhi Election Result 2025
एग्जिट पोल के नतीजों के इतिहास की बात करें तो 2015 में एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक नतीजों से बिल्कुल अलग थे। हालांकि, 2020 में एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक रिजल्ट के करीब थे। ऐसे में जानते हैं कि आखिर एग्जिट पोल में किसकी सरकार बन सकती है।
दिल्ली चुनाव के बाद एग्जिट पोल पर मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। वीडी शर्मा ने कहा किकेवल एग्जिट पोल ही नहीं, बल्कि वास्तविक पोल भी यही नतीजे लाएगा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को बदहाल स्थिति में ला दिया. दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजधानी में विकास सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी को आशीर्वाद दिया है. केवल एक दिन बचा है, सभी को वास्तविक परिणाम पता चल जाएगा।
दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल पर भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि पोल संकेत देते हैं कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। 8 फरवरी को आंकड़े और भी बेहतर होंगे. दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की जीवंत विकसित दिल्ली की गारंटी पर अपना विश्वास दोहराया है. यह धोखेबाज केजरीवाल की अस्वीकृति है।

Delhi Election 2025 : एग्जिट पोल रिजल्ट के बाद कांग्रेस को लेकर उठने लगे सवाल
दिल्ली चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर टीएमसी सांसद कीर्ति आज़ाद ने कहा कि अगर वाकई बीजेपी सरकार बना रही है, तो कांग्रेस को कुछ विचार-विमर्श करना चाहिए। वे हरियाणा और महाराष्ट्र में हार गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में हमें इतनी अच्छी बढ़त मिली, लेकिन कांग्रेस हर जगह (राज्य चुनावों में) क्यों हार रही है? इसलिए, इस पर विचार करना होगा कि क्या कांग्रेस को भारतीय गठबंधन का नेतृत्व जारी रखना चाहिए?
Delhi Election 2025 : दिल्ली में लगभग 60 फीसदी वोटिंग
दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। मतदान के दौरान हालांकि आम आदमी पार्टी और बीजेपी ने एक दूसरे पर पर पैसे बांटने और फर्जी मतदान सहित गड़बड़ी के आरोप लगाए। इस चुनाव में 2020 के विधानसभा चुनाव के आसपास ही मतदान हुआ है। पिछली बार 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 70 में से 62 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ और कांग्रेस को शून्य सीट मिली थी।
Delhi Election 2025 :अच्छे अभिनेताओं को मात दे सकते हैं केजरीवाल
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केजरीवाल अपनी मासूम अभिनय शैली से अच्छे अभिनेताओं को हरा सकते हैं। केंद्रीय मंत्री शांडिल्य गिरिराज सिंह ने एग्जिट पोल पूर्वानुमानों पर कहा कि केजरीवाल जी पहले ही चुनाव हार चुके हैं, और यह सिर्फ उनकी हार नहीं है, बल्कि उनके झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार की हार है। केजरीवाल जी, राजनीति में आपकी जगह खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि यदि आप सिनेमा में जाते हैं, तो आप अपनी मासूम अभिनय शैली से अच्छे अभिनेताओं को हरा सकते हैं। केजरीवाल ने दिल्ली के गरीब लोगों को धोखा दिया है।
Delhi Election 2025 : दिल्ली चुनाव : एग्जिट पोल में दिल्ली में ‘मोदी मैजिक
दिल्ली चुनाव के बाद एग्जिट पोल के नतीजों में मोदी मैजिक चलता दिख रहा है। मतदान होने के साथ ही 699 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। चुनाव खत्म होने के साथ ही कई एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए। अधिकांश एग्जिट पोल के अनुसार, राजधानी दिल्ली में बड़ा उलटफेर दिख रहा है। इस बार दिल्ली में ‘मोदी मैजिक’ के आसार दिख रहे हैं। एग्जिट पोल्स के मुताबिक, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार बनाने से चूक सकते हैं।
Delhi Election 2025: दिल्ली की जनता चुनेगी अच्छी सरकार
दिल्ली के बुराड़ी स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में बने पोलिंग बूथ पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी संजीव झा ने मतदान किया। झा ने कहा कि दिल्ली की जनता अच्छी सरकार को चुनेगी। झा ने कहा कि मैं समझता हूं कि दिल्ली की जनता बहुत समझदार है। वह एक ऐसी सरकार का चयन करेगी, जो सभी लोगों के हितों का ध्यान रखेगी।